Search

Chandigarh News: चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन की दौड़ के चलते 1 मार्च को सुबह 8 घंटे बंद रहेंगी कई सड़कें

Feb 27, 2026 10:33 AM

चंडीगढ़: 1 मार्च 2026 को अलसुबह 3:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित होने वाली चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन के चलते शहर में व्यापक ट्रैफिक प्रबंध लागू रहेंगे। इस संबंध में चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर आम जनता से सहयोग की अपील की है। सुबह 8 घंटे कई सड़कें बंद होने से आम लोगों को दिक्कत होगी।

जारी निर्देशों के अनुसार कैंबवाला और कांसल की ओर से उत्तर मार्ग (सुखना लेक साइड) आने वाले मार्ग बंद रहेंगे। चंडीगढ़ क्लब स्मॉल चौक से लेक पेलिकन लाइट्स की ओर जाने वाला रास्ता, न्यू बैरिकेड चौक से ओल्ड बैरिकेड चौक तक, सेक्टर-4, 5 और एमएलए हॉस्टल गेट से उत्तर मार्ग की ओर जाने वाला मार्ग भी यातायात के लिए बंद रहेगा। इसके अलावा सेक्टर 27/28 लाइट प्वाइंट से ग्रेन मार्केट की ओर जाने वाले रास्ते पर भी प्रतिबंध रहेगा।

मध्य मार्ग (ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट से पीजीआई की ओर) पर एक कैरिज वे मैराथन धावकों के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि दूसरे हिस्से से दो-तरफा नियंत्रित यातायात चलाया जाएगा। लोगों को मध्य मार्ग और जन मार्ग (मटका चौक से ओल्ड बैरिकेड चौक) से बचने की सलाह दी गई है।

यहां रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

ट्रैफिक डायवर्जन के तहत कैंबवाला और कांसल से आने वाले वाहन नयागांव मार्ग से शहर में प्रवेश करें। सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट जाने वाले वाहन मोडेला लाइट प्वाइंट मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। सेक्टर 11/15 अंडर ब्रिज मार्ग भी सुविधानुसार इस्तेमाल किया जा सकता है।

पार्किंग व्यवस्था में बदलाव, वार मेमोरियल व लेक क्लब में “नो पार्किंग”

पार्किंग को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। चंडीगढ़ वॉर मेमोरियल और लेक क्लब पार्किंग में वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। विज़िटर्स लेक क्लब के सामने निर्धारित सार्वजनिक पार्किंग का उपयोग करें। प्रतिभागियों को पीजीआई गेट नंबर-3 से प्रवेश कर गेट नंबर-2 (न्यू ओपीडी गेट) होते हुए पेक की पार्किंग की ओर जाने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और किसी भी असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!