Search

Chandigarh News: हल्लोमाजरा किडनैपिंग-मर्डर केस में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, पांच फरवरी को हुई थी वारदात

Feb 23, 2026 5:25 AM

चंडीगढ़: हल्लोमाजरा में बीती पांच फरवरी को हुए सनसनीखेज किडनैपिंग और हत्या मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में फरार चल रहे पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान विजेंद्र कुमार उर्फ ट्रूडो (18) निवासी जीरकपुर के रूप में हुई है। सेक्टर-31 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे दबोचा। पुलिस के अनुसार, पांच फरवरी की शाम करीब 5:20 बजे वायरलेस के जरिए सूचना मिली थी कि दीप कॉम्प्लेक्स, हल्लोमाजरा में एक व्यक्ति के साथ मारपीट हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कार से खींचकर किया अपहरण

शिकायतकर्ता विजय कुमार (41) ने पुलिस को बताया कि वह अपने रिश्तेदार सुशील उर्फ साहिल के साथ उनकी मारुति अर्टिगा कार में पेहोवा गए थे। शाम को वापस लौटने के बाद जब साहिल उन्हें रविदास मंदिर, हल्लोमाजरा के पास छोड़कर लौट रहा था, तभी तीन से चार युवक मोटरसाइकिलों पर आए।

आरोपियों ने साहिल को जबरन कार से बाहर खींच लिया और उसका अपहरण कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए और आरोपियों की पहचान की दिशा में जांच तेज की।

रंजिश में दिया वारदात को अंजाम

शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ दिन पहले सुशील की कार से हुए एक सड़क हादसे में मनप्रीत नामक युवक की मौत हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी साहिल को जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी ले गए, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर हालत में आरोपी ही उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या और अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।

अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पहले ही मोहित (19), रजनीश कुमार उर्फ अड्डी (19), रमन सिंह उर्फ नेगी (23) और शेमल सिंह (23) को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का कहना है कि जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही अदालत में चार्जशीट पेश की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!