Search

Chandigarh News: कुराली बाईपास पर हाईकोर्ट के पूर्व बार सेक्रेटरी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे एडवोकेट गगनदीप जम्मू

May 20, 2026 10:15 AM

चंडीगढ़: न्यू चंडीगढ़ के कुराली बाईपास पर मंगलवार शाम पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व सेक्रेटरी एडवोकेट गगनदीप जम्मू पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया। अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने उनकी इनोवा क्रिस्टा कार पर पीछे से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हालांकि हमले में गगनदीप जम्मू और उनके साथ मौजूद दोस्त सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-36बी निवासी एडवोकेट गगनदीप जम्मू मंगलवार को विभिन्न कामों के सिलसिले में मोहाली और खरड़ गए हुए थे। वह अपने दोस्त ताहिल बजाज के साथ चंडीगढ़ लौट रहे थे। रास्ते में वह खरड़ स्थित एक रेस्टोरेंट पर कुछ देर रुके और फिर वापस रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी गाड़ी भारतमाला प्रोजेक्ट के पुल को पार कर कुराली बाईपास के पास पहुंची, तभी पीछे से आए एक बाइक सवार ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश ने कार के पिछले हिस्से पर तीन राउंड फायर किए। गोली चलने की आवाज सुनते ही गगनदीप जम्मू ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी तुरंत कच्चे रास्ते की ओर मोड़ दी और गलत दिशा में वाहन भगाकर खुद को सुरक्षित निकाला।

वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। उधर, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे पूरी कानूनी बिरादरी पर हमला बताया है। एसोसिएशन ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!