Search

Chandigarh News: प्रोस्टेट कैंसर जागरूकता के लिए लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

Apr 15, 2026 10:46 AM

चंडीगढ़: पुरुषों में तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या प्रोस्टेट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से होपरायस फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा स्काईनेट टावर्स में निःशुल्क प्रोस्टेट एवं किडनी केयर हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में 80 से अधिक मरीजों ने भाग लेकर निःशुल्क परामर्श, जांच, दवाइयों तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में यूरोलॉजी परामर्श, प्रोस्टेट एवं किडनी स्क्रीनिंग, पीएसए टेस्ट, यूरोफ्लोमेट्री, ब्लड ग्लूकोज और ब्लड प्रेशर जांच जैसी सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं। इस दौरान पूर्व डीजीपी पंजाब राजिंदर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, तनाव प्रबंधन और योग के महत्व पर जोर दिया।

पीजीआई चंडीगढ़ के यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. गिरधर एस. बोरा ने जागरूकता सत्र के माध्यम से प्रोस्टेट संबंधी बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. बोधराज ठाकुर ने भी चिकित्सा सेवाओं में योगदान दिया। डॉ. रेड्डी लैबोरेट्रीज की टीम ने अंकुश कटोच के नेतृत्व में जांच सेवाओं में सहयोग दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सुमन की भूमिका सराहनीय रही। 

इस अवसर पर समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रक्तदाताओं—एडवोकेट अमर विवेक (177वीं बार), अरुण रैना (106वीं बार), अश्वनी कुमार (74वीं बार) और अश्वनी साधु (53+ बार) को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी अश्वनी साधु ने कहा कि संस्था भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास जारी रखेगी। यह पहल क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

You may also like:

Please Login to comment in the post!