Search

Chandigarh News: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Apr 17, 2026 9:43 AM

चंडीगढ़: शहर में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच चंडीगढ़ साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश अजय भाई अबचुंग (39), योगेश देवजी माहेश्वरी (38) और हितेश नरन बोरिचा (40) के रूप में हुई है, जो गुजरात के गांधीधाम क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इन्हें गुजरात से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर चंडीगढ़ लाया। पूछताछ के बाद अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया, जिसके बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला दिसंबर 2025 का है, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर करीब 46 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए थे। जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और फील्ड इनपुट के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनसे आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। जांच में सामने आया कि आरोपी रमेश अपने बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए करता था। उसके खाते में करीब 15 लाख रुपये जमा किए गए, जिन्हें बाद में अलग-अलग स्थानों से निकालकर अन्य खातों में भेजा गया। यह खाता योगेश और हितेश के जरिए अहमदाबाद के एक व्यक्ति को कमीशन पर उपलब्ध कराया गया था।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग ठगी की रकम को इधर-उधर करने में किया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर गिरफ्तारी या जांच के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें। अपने पहचान पत्र केवल अधिकृत व्यक्तियों के साथ ही साझा करें और किसी को भी अपना बैंक खाता या सिम कार्ड उपयोग के लिए न दें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

You may also like:

Please Login to comment in the post!