Chandigarh News रक्षा मंत्रालय की योजना के तहत पूर्व सैनिकों के लिए चंडीगढ़ में जॉब फेयर आज
Mar 17, 2026 10:15 AM
चंडीगढ़: पूर्व सैनिकों को नागरिक क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रक्षा मंत्रालय के एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर डिपार्टमेंट (एमओडी) के अंतर्गत डायरेक्टोरेट जनरल रेसेटलमेंट (डीजीआर) की ओर से मंगलवार को चंडीगढ़ में विशेष जॉब फेयर आयोजित किया जा रहा है। यह जॉब फेयर मंगलवार को सुबह 7 बजे से एयरफोर्स स्टेशन चंडीगढ़ के 12 विंग स्थित अर्जन सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए पूर्व सैनिकों को कॉरपोरेट और औद्योगिक क्षेत्र के साथ जोड़ते हुए उन्हें नई रोजगार संभावनाओं से परिचित कराना है। जॉब फेयर में देश की कई प्रमुख कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जो पूर्व सैनिकों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।
रक्षा मंत्रालय के एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर डिपार्टमेंट का मानना है कि सेना में सेवा देने वाले पूर्व सैनिकों के पास उच्च स्तर का अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता होती है, जो किसी भी संस्थान के लिए अत्यंत मूल्यवान होती है। इसी दृष्टिकोण के साथ उन्हें उद्योग जगत से जोड़ने के लिए इस प्रकार के जॉब फेयर आयोजित किए जा रहे हैं। जॉब फेयर में उद्योग जगत से कई प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। इनमें सीआईआई चंडीगढ़ के वाइस चेयरमैन विवेक वर्मा और चीमा बॉयलर्स लिमिटेड के चेयरमैन व सीईओ डॉ. हरजिंदर सिंह चीमा शामिल हैं। इनके माध्यम से पूर्व सैनिकों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस फेयर में सुरक्षा सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रशासन, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवाओं और इंजीनियरिंग जैसे कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी कौशल को नागरिक क्षेत्र में उपयोग करने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पूर्व सैनिक अपनी योग्यता और अनुभव को कंपनियों के सामने प्रस्तुत कर सकेंगे। वहीं कंपनियों को भी प्रशिक्षित, अनुशासित और अनुभवी पेशेवरों का बड़ा समूह उपलब्ध होगा। जॉब फेयर से पहले कंपनियां पंजीकरण कर पूर्व सैनिकों के बायोडाटा देख सकती हैं और चयनित उम्मीदवारों का इंटरव्यू भी ले सकती हैं।
डीजीआर सचिव सुकृति लिखी सहित वरिष्ठ सैन्य व प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में एक्स-सर्विसमेन वेलफेयर डिपार्टमेंट की सचिव सुकृति लिखी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद राज्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा एयर मार्शल एस. शिवकुमार विशिष्ट अतिथि और मेजर जनरल एसबीके सिंह, महानिदेशक रिसेटलमेंट भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इनकी उपस्थिति उद्योग और पूर्व सैनिकों के बीच साझेदारी को मजबूत करने के साथ रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
देशव्यापी रोजगार पहल: 16 शहरों के बाद अब चंडीगढ़ में जॉब फेयर
डीजीआर के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में कुल 18 जॉब फेयर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें से 16 जॉब फेयर पहले ही दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद, लखनऊ, वाराणसी, कोलकाता, सिकंदराबाद, जम्मू, भोपाल, कोच्चि, गुवाहाटी, देहरादून, बेंगलुरु और पुणे जैसे शहरों में आयोजित किए जा चुके हैं। चंडीगढ़ में आयोजित होने वाला यह जॉब फेयर भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।
पूर्व सैनिकों और नियोक्ताओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा
पूर्व सैनिक और नियोक्ता दोनों ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए www.esmhire.com पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। यह पूर्व सैनिकों के लिए विशेष रूप से विकसित एक एआई आधारित जॉब प्लेटफॉर्म है। इसके अलावा डीजीआर की आधिकारिक वेबसाइट पर भी जॉब फेयर से संबंधित पंजीकरण लिंक उपलब्ध है। पूर्व सैनिकों और नियोक्ताओं के लिए पंजीकरण निःशुल्क रखा गया है और देशभर के पूर्व सैनिकों को इस जॉब फेयर में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।