Chandigarh News: पीयू फायरिंग केस में बड़ा एक्शन, 10 दिन बाद मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
Mar 27, 2026 10:29 AM
चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी में 17 मार्च को छात्र नेता पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और चंडीगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस पनैच के रूप में हुई है, जो फतेहगढ़ साहिब जिले का निवासी है और बंबीहा गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की लोकेशन फतेहगढ़ साहिब के अमलोह क्षेत्र के गांव नूरपुर में ट्रेस की गई थी। इसके बाद एजीटीएफ, चंडीगढ़ पुलिस और फतेहगढ़ साहिब पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें जसप्रीत घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मौके से पुलिस ने एक .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार खाली खोल और एक क्रेटा कार बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और कई मामलों में वांछित चल रहा था। जांच में सामने आया है कि पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र नेता जशनप्रीत सिंह जवांदा पर हुआ हमला बंबीहा गैंग के इशारे पर अंजाम दिया गया था। इस वारदात की जिम्मेदारी गैंग से जुड़े डोनी बल और शगनप्रीत ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व पंजाब पुलिस के डीएसपी राजन परमिंदर कर रहे थे, जबकि चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरदीप कौर भी पूरी कार्रवाई में शामिल रहीं। चंडीगढ़ पुलिस की डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल और ऑपरेशन सेल की टीमें भी इस संयुक्त अभियान का हिस्सा थीं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां अब पूरे गैंग नेटवर्क, फंडिंग और हथियारों की सप्लाई से जुड़े लिंक खंगाल रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि स्थानीय स्तर पर आरोपियों को किस तरह की मदद मिली। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से ट्राइसिटी में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले की गहन जांच जारी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।