Chandigarh News: मौलीजागरां और इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने हथियारों के साथ चार आरोपी किए गिरफ्तार
Mar 06, 2026 10:20 AM
चंडीगढ़: होली के मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई सघन गश्त के दौरान मौलीजागरां और इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार कामनीदार (स्प्रिंग ऑपरेटेड) चाकू बरामद हुए हैं। मौलीजागरां थाना पुलिस की टीम ने 4 मार्च की रात गश्त के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को पकड़ा। पहले मामले में, एएसआई प्रदीप सिंह की टीम ने रात करीब 10:30 बजे रायपुर कलां टी-पॉइंट के पास एक संदिग्ध को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। उसकी पहचान 20 वर्षीय साहिल उर्फ घोड़ा, विकास नगर, मौलीजागरां निवासी के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक बटन से खुलने वाला फोल्डिंग चाकू बरामद हुआ।
दूसरे मामले में, एएसआई रोहित की टीम ने 10:15 बजे विकास नगर के पास गश्त के दौरान एक और युवक को रोका, जो पुलिस को देखकर दिशा बदलकर भागने लगा। पीछा कर पकड़ने पर उसकी पहचान 21 वर्षीय सुमित के रूप में हुई। उसके पास से भी ऐसा ही एक चाकू मिला। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि साहिल पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। इसी तरह इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने भी दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। एसएचओ सतनाम सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पहली गिरफ्तारी सेक्टर 29 में गश्त के दौरान हुई, जहां 19 वर्षीय मोहित को रोका गया। उसकी तलाशी में एक कामनीदार (स्प्रिंग-ऑपरेटेड) चाकू बरामद हुआ।
दूसरे मामले में नाका चेकिंग के दौरान 18 वर्षीय शिवम को मोटरसाइकिल पर आते हुए रोका गया। तलाशी में उसके पास भी एक स्प्रिंग-ऑपरेटेड चाकू मिला। पुलिस ने चाकू के साथ उसकी बाइक को भी जब्त किया है। शिवम पहले भी वर्ष 2023 में सेक्टर-31 थाना में दर्ज एक मारपीट के मामले में संलिप्त पाया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसएसपी यूटी चंडीगढ़, कंवरदीप कौर के दिशा-निर्देशन में चलाए गए इस अभियान की देखरेख एसपी सिटी केएम प्रियंका और संबंधित एसडीपीओज़ ने की। मौलीजागरां में एएसआई प्रदीप और एएसआई रोहित जबकि इंडस्ट्रियल एरिया में एएसआई कुलश्रेष्ठ गौतम और एएसआई सुमित की अगुवाई में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।