Chandigarh News: राशन सब्सिडी के लिए मोबाइल एप अनिवार्य, लाभार्थियों की सुविधा के लिए विशेष कैंप शुरू
Jun 04, 2026 10:26 AM
चंडीगढ़: राशन कार्ड धारकों को मिलने वाली सब्सिडी की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए प्रशासन ने लाभार्थियों से जल्द से जल्द मोबाइल एप्लीकेशन आधारित प्रणाली से जुड़ने की अपील की है। इसके लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां लाभार्थी अपनी जानकारी अपडेट करवाने के साथ-साथ मोबाइल एप डाउनलोड और सक्रिय करवा सकते हैं। विभाग के अनुसार 3 जून 2026 से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक विकास नगर (मौली जागरां), मलोया, सेक्टर-25, रामलीला ग्राउंड बुरैल, कजहेड़ी, हल्लो माजरा, खुड्डा अलीशेर, सेक्टर-32, 40, 41, 42, 56 तथा मनीमाजरा (आरआईएमटी स्कूल के निकट) स्थित सामुदायिक केंद्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
विभाग ने बताया कि जिन लाभार्थियों ने राशन सब्सिडी प्राप्त करने के लिए अपनी जानकारी पहले ही जमा करवा दी है, लेकिन अभी तक मोबाइल एप डाउनलोड नहीं किया है, वे आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल फोन के साथ कैंप में पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। वहीं जिन लोगों ने अभी तक अपनी जानकारी जमा नहीं करवाई है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचकर पंजीकरण करवा सकते हैं।अधिकारियों के अनुसार चंडीगढ़ में अब तक 22 हजार से अधिक राशन कार्ड धारक मोबाइल एप डाउनलोड कर चुके हैं, जबकि 25 हजार से अधिक लाभार्थी अपनी जानकारी जमा करवा चुके हैं। इसके बावजूद करीब 30 हजार लाभार्थी अब भी इस प्रक्रिया से नहीं जुड़े हैं।
इनमें मलोया, मौली जागरां, मनीमाजरा, सेक्टर-25, बुरैल, सेक्टर-55 और 56, हल्लो माजरा तथा पलसौरा क्षेत्र के निवासी बड़ी संख्या में शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि राशन सब्सिडी प्राप्त करने के लिए मोबाइल एप्लीकेशन को डाउनलोड और सक्रिय करना अनिवार्य है। जो लाभार्थी निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे, उनकी राशन सब्सिडी प्रभावित हो सकती है। इसलिए सभी पात्र लाभार्थियों से जल्द से जल्द कैंप में पहुंचकर औपचारिकताएं पूरी करने का आग्रह किया गया है। विभाग ने यह भी बताया कि जिन लाभार्थियों ने अपनी जानकारी पहले ही जमा करवा दी है, वे घर बैठे भी गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से पीएनबी डिजिडल रूपी एप डाउनलोड कर अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता या मार्गदर्शन के लिए राशन कार्ड धारक विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2068 पर संपर्क कर सकते हैं।