Chandigarh News: नगर निगम आयुक्त ने हल्लोमाजरा में विकास कार्यों का लिया जायजा, बरसात से पहले ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
May 08, 2026 10:01 AM
चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ के आयुक्त अमित कुमार ने वीरवार को हल्लोमाजरा क्षेत्र का विस्तृत दौरा कर इलाके में उपलब्ध मूलभूत नागरिक सुविधाओं तथा सार्वजनिक अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान आयुक्त के साथ नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा, मनोनीत पार्षद नरेश पंचाल, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, एक्सईएन, एसडीई, जेई तथा क्षेत्र के स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विभिन्न स्थलों का दौरा कर मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, जल निकासी और आधारभूत ढांचे से जुड़े मुद्दों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
हल्लोमाजरा में चंडीगढ़-अंबाला रोड के साथ स्थित निचले स्तर की खाली जमीन का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को यूटी चंडीगढ़ के चीफ आर्किटेक्ट कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक भूमि उपयोग योजना (सीएलयूपी) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनोनीत पार्षद नरेश पंचाल को सलाह दी कि उक्त स्थल के सामुदायिक उपयोग से संबंधित प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष औपचारिक रूप से प्रस्तुत किया जाए, ताकि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप भविष्य की योजना तैयार की जा सके। आयुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अंतरिम ड्रेनेज व्यवस्था का आकलन करने तथा आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम से पहले जल निकासी संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हल्लोमाजरा की गली नंबर 61-बी का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने सीवरेज और वर्षा जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र और एकीकृत ड्रेनेज योजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा जल निकासी नेटवर्क में अवैध रूप से छोड़े जा रहे सीवरेज कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें तुरंत बंद किया जाए तथा ऐसे आउटलेट्स को मुख्य सीवरेज लाइन से जोड़ा जाए, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इसके बाद आयुक्त ने दुकान नंबर 687 के निकट क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां संबंधित अधिकारियों को लाल डोरा सीमाओं का सत्यापन करने के बाद गली में पक्की सड़क निर्माण के प्रस्ताव की जांच करने के निर्देश दिए गए।
सरकारी स्कूल, हल्लोमाजरा के दौरे के दौरान स्कूल परिसर के विस्तार के लिए भूमि की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहले आसपास उपलब्ध नगर निगम भूमि के उपयोग की संभावनाएं तलाश की जाएं। यदि उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं होती है तो इस संबंध में औपचारिक प्रस्ताव चंडीगढ़ प्रशासन को भेजा जाएगा, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके। दौरे के समापन पर आयुक्त अमित कुमार ने कहा कि नगर निगम चंडीगढ़ शहर की नागरिक अधोसंरचना को मजबूत करने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध समन्वय और जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी के माध्यम से विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।