Chandigarh News: नगर निगम का अवैध वेंडर्स और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान, अवैध रेहड़ियां जब्त, 44 चालान काटे
Mar 13, 2026 10:28 AM
चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ की प्रवर्तन शाखा ने वीरवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में अवैध वेंडर्स और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना अनुमति काम कर रहे रेहड़ी संचालकों और सड़क किनारे चल रही अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की गई। सुबह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के पास नया गांव बैरियर क्षेत्र में अभियान चलाकर बिना अनुमति चल रही 9 रेहड़ियों को जब्त किया गया। इसके बाद रामदरबार इलाके में भी कार्रवाई करते हुए 17 रेहड़ियों को कब्जे में लिया गया, जो नियमों का उल्लंघन कर सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी थीं।
शाम को मनीमाजरा सेक्टर-13 मोटर मार्केट में भी टीम ने कार्रवाई की। यहां सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन मरम्मत का काम करने पर 4 कारों को जब्त किया गया। साथ ही जैक, नए टायर, ऑक्सीजन सिलेंडर, रगड़ मशीन और अन्य औजार भी जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल सड़क किनारे अवैध कार्यशालाएं चलाने में किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 18 चालान किए गए। पूरे दिन में कुल 44 चालान काटे गए। नगर निगम ने कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही रेहड़ी संचालकों और दुकानदारों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत स्थानों पर ही अपना काम करें और नगर निगम के नियमों का पालन करें।