Search

Chandigarh News: नगर निगम ने व्यावसायिक क्षेत्रों के डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्टर्स के साथ किया एमओयू

Feb 19, 2026 4:56 AM

चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ ने शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में कार्यरत डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्टर्स  के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस पहल का उद्देश्य शहर की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना है। कार्यक्रम में मेयर सौरभ जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयुक्त अमित कुमार (आईएएस), संयुक्त आयुक्त डॉ. हिमांशु गुप्ता तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ के कार्यालय के माध्यम से निगम ने व्यावसायिक क्षेत्रों में कार्यरत कचरा संग्राहकों —सोनिया, मुकेश, परमोद, भीम, रोहित, पारस, महिंदर, संजीव, कविता और साहिल — के साथ औपचारिक समझौता किया। इस एमओयू के तहत कचरा संग्रहण की जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया गया है। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन के तहत वैज्ञानिक तरीके से कचरा एकत्रीकरण, स्रोत पर अनिवार्य कचरा पृथक्करण और स्वच्छता मानकों के पालन को सुनिश्चित करेगी।

कार्यक्रम के दौरान जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें गीले, सूखे और घरेलू खतरनाक कचरे को अलग-अलग करने के महत्व, ठोस अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान तथा स्वच्छता प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई। साथ ही सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए मास्क, दस्ताने और अन्य आवश्यक उपकरणों से युक्त ‘स्वच्छता किट’ भी वितरित की गईं।

मेयर ने अपने संबोधन में कहा कि स्रोत पर कचरे का पृथक्करण प्रभावी प्रसंस्करण के लिए अत्यंत आवश्यक है और उन्होंने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व नागरिकों से निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की। वहीं आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और सतत चंडीगढ़ के निर्माण के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन बेहद जरूरी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!