Chandigarh News: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चंडीगढ़ में मरीजों को वितरित की गईं पोषण किट
May 12, 2026 10:27 AM
चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के मेडिकल प्रकोष्ठ की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को आरएचटीसी पलसोरा और सीएचसी डिस्पेंसरी दादू माजरा में निःशुल्क टीबी पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों को प्रोटीन एवं पोषण से भरपूर आहार किट वितरित की गईं। इस अवसर पर जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का टीबी मुक्त भारत अभियान केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पौष्टिक आहार पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश का मेडिकल प्रकोष्ठ पिछले पांच महीनों से लगातार टीबी मरीजों को निःशुल्क पोषण किट उपलब्ध करवा रहा है, जो सेवा और संवेदनशीलता का उदाहरण है। स्वस्थ भारत के निर्माण में सामाजिक संगठनों और सेवा भाव रखने वाले नागरिकों की भागीदारी को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में राजस्थान परिवार के अध्यक्ष राज किशोर और उनकी टीम ने भी सहयोग करते हुए टीबी मरीजों को पोषण युक्त आहार किट वितरित की। उपस्थित लोगों ने उनके इस सहयोग और सामाजिक सेवा भावना की सराहना की।
इस मौके पर स्टेट टीबी ऑफिसर डॉ. नवनीत कंवर, डॉ. माला, डॉ. अनीता चौहान, मेडिकल सेल के कन्वीनर ललित तकियार, जिला अध्यक्ष रेखा सूद, को-कन्वीनर दीपक पाठक, अनु सिंगला, डॉ. मीना चड्ढा और संजय अरोड़ा सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों और भाजपा पदाधिकारियों ने समाज के सक्षम वर्ग से इस प्रकार के जनसेवा अभियानों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की, ताकि भारत को जल्द टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।