Search

Chandigarh News: शैंपू की बोतलों में छिपाकर कनाडा भेजी जा रही थी अफीम, कुरियर कंपनी की सतर्कता से भंडाफोड़

Mar 12, 2026 9:57 AM

चंडीगढ़: शहर में कुरियर पार्सल के माध्यम से विदेश नशीले पदार्थ भेजने के एक मामले का खुलासा हुआ है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक कुरिअर कंपनी में कनाडा भेजे जाने वाले दो संदिग्ध पार्सलों से अफीम जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में कंपनी के मैनेजर राजीव कुमार ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ स्टोर में पार्सलों की जांच और आगे भेजने की प्रक्रिया में लगे हुए थे। इसी दौरान उन्हें दो पार्सल एक ही आकार के दिखाई दिए। दोनों पर भेजने वाले के नाम और पते अलग-अलग थे, लेकिन मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी एक ही दर्ज थी। पार्सल कनाडा के अलग-अलग पतों पर भेजे जाने थे, जिससे कर्मचारियों को शक हुआ।

संदेह होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पार्सलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। निर्धारित प्रक्रिया के तहत मोबाइल फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी की गई। जांच के दौरान एक पार्सल से दो काले रंग की शैंपू बोतलें और कुछ दवा की स्ट्रिप्स मिलीं। बोतलों की जांच ड्रग डिटेक्शन किट से की गई तो उनमें अफीम जैसा पदार्थ पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर इसका वजन कंटेनर सहित करीब 180 ग्राम निकला। पुलिस अब पार्सल बुक कराने वाले व्यक्ति और इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!