Search

Chandigarh News: विकास की रफ्तार तेज, एफएंडसीसी ने पास किए 14.71 करोड़ के 67 कार्य

Apr 28, 2026 10:26 AM

चंडीगढ़: शहर के विकास को रफ्तार देने के उद्देश्य से नगर निगम की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) की सोमवार को हुई बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। मेयर सौरभ जोशी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रिकॉर्ड 67 विकास एजेंडों को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं पर कुल 1471 लाख रुपये (करीब 14.71 करोड़ रुपये) खर्च किए जाएंगे, जो नगर निगम के इतिहास की सबसे बड़ी मंजूरियों में से एक मानी जा रही है। बैठक में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार के अलावा कमेटी सदस्य हरजीत सिंह, जसबीर सिंह बंटी, कंवरजीत सिंह और योगेश ढींगरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। 

बैठक के दौरान शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। एफएंडसीसी बैठक में मंजूर किए गए प्रमुख प्रस्तावों में शहर के विभिन्न इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर खास जोर दिया गया। इसके तहत सुंदर नगर (मौलीजागरां), सेक्टर-49, सेक्टर-41, सेक्टर-43 और सेक्टर-56 के कम्युनिटी सेंटरों के रेनोवेशन को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा सेक्टर-7, 22 और 37-38 के बाजारों को आधुनिक रूप देने के लिए डेकोरेटिव और एलईडी लाइटिंग से अपग्रेड किया जाएगा।

बैठक में स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सेक्टर-27 और 28 में ऑक्टागोनल पोल लगाने के साथ-साथ पुराने लाइट सिस्टम को बदलने की मंजूरी दी गई है, जिससे रोशनी व्यवस्था बेहतर होगी। सड़क और स्ट्रीट इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी कई अहम फैसले लिए गए। शहर के विभिन्न सेक्टरों और गांवों—अटावा, हल्लोमाजरा और मौली जागरां—में पेवर ब्लॉक, फुटपाथ, आंतरिक सड़कों, पार्किंग एरिया और बरम को मजबूत करने के व्यापक कार्यों को हरी झंडी दी गई है। इन कार्यों से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि नागरिकों को दैनिक जीवन में भी सुविधा मिलेगी।  

एफएंडसीसी की बैठक में शहर में जनस्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई। इसके तहत कई सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण व नवीनीकरण, ईडब्ल्यूएस कॉलोनियों में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज (एसडब्ल्यूडी) पाइपलाइन बिछाने और वाटर वर्क्स व बाउंड्री वॉल की मरम्मत जैसे प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। हरित पहल के तहत पार्कों और ग्रीन बेल्ट्स के सौंदर्यीकरण, फव्वारों की मरम्मत, खुले स्थानों के विकास और बच्चों के लिए खेल उपकरण व बेंच लगाने जैसे कार्यों को भी स्वीकृति मिली। 

इसके अलावा वेंडिंग जोन विकसित करने, फुटब्रिज के पुनर्निर्माण, फेंसिंग कार्यों और आवश्यक मशीनरी की खरीद से जुड़े प्रोजेक्ट्स को भी हरी झंडी दी गई। मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि ये फैसले नगर निगम की समग्र शहरी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!