Search

Chandigarh News: नई लाइट्स से सुरक्षित हुए पार्क, सांसद ने किया लोकार्पण

Apr 13, 2026 5:09 PM

चंडीगढ़: शहर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल करते हुए सेक्टर-20 के विभिन्न पार्कों में लगाई गई नई आधुनिक लाइट्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूर्व डिप्टी मेयर तरुणा मेहता भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस परियोजना के तहत करीब 13 लाख रुपये की लागत से लगभग 12 पार्कों में आधुनिक लाइट्स स्थापित की गई हैं। इन लाइट्स के लगने से क्षेत्र के डार्क स्पॉट समाप्त हो गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही, स्थानीय निवासियों को सुबह और शाम के समय टहलने तथा अन्य गतिविधियों में भी सुविधा मिली है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए और जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। लोगों ने इस पहल को क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए सराहना की। इस दौरान निवासियों ने कई महत्वपूर्ण समस्याएं भी उठाईं, जिनमें सरकारी मकानों के नवीनीकरण की आवश्यकता, लंबे समय से खाली पड़े मकानों की जर्जर स्थिति तथा सोलर लाइट्स के बावजूद अनावश्यक बिजली बिल आने की शिकायतें प्रमुख रहीं। सांसद मनीष तिवारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि शहर का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। पूर्व डिप्टी मेयर तरुणा मेहता ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस अवसर पर चंद्रमुखी शर्मा, रविंद्र पाल सिंह पाली, डॉ. ओ.पी. वर्मा, सत्यवान सरोहा, राकेश सूद, अजय शर्मा, सुनील चोपड़ा और राजीव शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!