Chandigarh News: ‘स्पेशल इन्वेस्टमेंट स्कीम’ का झांसा देकर पीजीआई डॉक्टर से 1.10 करोड़ की साइबर ठगी
Apr 06, 2026 9:45 AM
चंडीगढ़: शहर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें जालसाजों ने निवेश के नाम पर पीजीआई के एक डॉक्टर से एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम ठग ली। पुलिस के अनुसार सेक्टर-38/सी निवासी राकेश प्रभुगौड़ पाटिल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि अज्ञात आरोपियों ने उनसे 1,10,39,189 रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत में बताया गया है कि करीब एक-दो महीने पहले पीड़ित को एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां ‘स्पेशल इन्वेस्टमेंट स्कीम’ का लालच दिया गया। आरोपियों ने ज्यादा मुनाफे का भरोसा दिलाते हुए उसे निवेश के लिए प्रेरित किया। झांसे में आकर पीड़ित ने धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश कर दी।
हालांकि जब बाद में पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने तुरंत सेक्टर-17 स्थित साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। लिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 319(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) व 61(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अनजान लिंक, कॉल या मैसेज के जरिए मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें और किसी भी तरह की लालच भरी स्कीम में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।