Chandigarh News: आज से 15 दिन तक बंद रहेगा चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का एक नंबर प्लेटफार्म
Jan 20, 2026 4:03 AM
चंडीगढ़: रेल यात्रियों के लिए आने वाले पंद्रह दिन चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर-1 मरम्मत और पुनर्विकास कार्य के चलते 20 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक बंद रहेगा। इस अवधि में प्लेटफार्म पर थ्रू-रूफ संरचना से जुड़े शेष फाउंडेशन कार्य पूरे किए जाएंगे। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कदम स्टेशन के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसे रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है।
प्लेटफार्म नंबर-1 के बंद रहने से शताब्दी और वंदे भारत जैसी प्रमुख ट्रेनों सहित कई मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले गए हैं। इससे यात्रियों को अस्थायी रूप से असुविधा हो सकती है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन समय से पहले पहुंचें और अपनी ट्रेन के प्लेटफार्म की जानकारी प्रस्थान से पहले अवश्य सुनिश्चित करें। विशेष रूप से बुजुर्ग यात्रियों और दिव्यांगजन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। रेलवे के अनुसार कालका–नई दिल्ली शताब्दी, नई दिल्ली–कालका शताब्दी, नई दिल्ली–चंडीगढ़ शताब्दी और नई दिल्ली–अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर-2, 5 और 6 पर स्थानांतरित किया गया है। वहीं अजमेर जंक्शन–चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर-6 से संचालित किया जाएगा, जो भविष्य में भी यथावत रहेगा।
शताब्दी और वंदे भारत जैसी प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफार्म में बदलाव
- 12006 कालका–नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस — प्लेटफार्म 1 से 2
- 22447 नई दिल्ली–अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस — 1 से 2
- 12011 नई दिल्ली–कालका शताब्दी एक्सप्रेस — 1 से 2
- 12012 कालका–नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस — 1 से 5
- 12005 नई दिल्ली–कालका शताब्दी एक्सप्रेस — 1 से 5
- 12045 नई दिल्ली–चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस — 1 से 6
- 20977 अजमेर जंक्शन–चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस — 1 से 6
- 20978 चंडीगढ़–अजमेर जंक्शन वंदे भारत एक्सप्रेस — 1 से 6
- 12046 चंडीगढ़–नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस — प्लेटफार्म 2 से 5