Chandigarh News: मकान तोड़ने के अभियान के खिलाफ विरोध जारी, प्रशासन से राहत की मांग
Apr 08, 2026 10:03 AM
चंडीगढ़: चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) द्वारा अवैध निर्माण हटाने के लिए चलाए जा रहे मकान तोड़ना अभियान के खिलाफ प्रभावित लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को भी लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन को उनके घर तोड़ने ही हैं, तो उन्हें पहले से सूचना दी जाए, ताकि वे खुद ही घर खाली कर सकें। अचानक की जा रही कार्रवाई से कई परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
प्रभावितों ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई लगाकर ये घर बनाए हैं, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि मकान तोड़े जाने के बाद नगर निगम द्वारा वसूले जाने वाले शुल्क को चुकाना भी उनके लिए संभव नहीं है। सोमवार को सेक्टर-45 में सीएचबी की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई की थी। इस दौरान कुछ स्थानीय निवासियों ने विरोध जताते हुए प्रशासनिक टीम के साथ बहस भी की। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और विरोध कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर हालात को नियंत्रित किया।
वहीं, सीएचबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों और मास्टर प्लान-2031 के तहत की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार कई इमारतों में किए गए अवैध बदलाव उनकी संरचनात्मक मजबूती को प्रभावित कर रहे हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा बन सकते हैं। इलाके में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग लगातार प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग कर रहे हैं।