Chandigarh News: ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जिम्नास्टिक में पीयू की छात्राओं का दबदबा, ओवरऑल खिताब जीता
Mar 17, 2026 9:56 AM
चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जिम्नास्टिक (महिला) चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का समापन सोमवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के जिम्नेजियम हॉल में हुआ। मेजबान टीम ने रिदमिक और आर्टिस्टिक दोनों जिम्नास्टिक टीम स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया। रिदमिक जिम्नास्टिक टीम चैंपियनशिप में पंजाब यूनिवर्सिटी ने 192.350 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। दिल्ली यूनिवर्सिटी 176.750 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि सोमैया विद्याविहार यूनिवर्सिटी, मुंबई 172.900 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
रिदमिक जिम्नास्टिक के ऑलराउंड मुकाबले में पंजाब यूनिवर्सिटी की शिवांगी ने पहला स्थान हासिल कर खिताब जीता। दिल्ली यूनिवर्सिटी की लाइफ अडलखा दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि पंजाब यूनिवर्सिटी की ही जान्हवी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के ऑलराउंड परिणामों में पंजाब यूनिवर्सिटी की अदिता मंडल ने पहला स्थान हासिल किया। एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी, पुणे की शताक्षी राकेश टक्के दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई की एशिता सुनील रेवाले तीसरे स्थान पर रहीं।
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक टीम चैंपियनशिप में भी पंजाब यूनिवर्सिटी ने 196.600 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। मुंबई यूनिवर्सिटी 192.750 अंकों के साथ दूसरे और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर 180.900 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। पंजाब यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रो. रेनू विग ने खिलाड़ियों, कोच और खेल निदेशालय के अधिकारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। खेल निदेशक डॉ. राकेश मलिक ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और कोचों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।