Search

Chandigarh News: रिटायर्ड कर्नल को निवेश के झांसे में लेकर ठगे 29 लाख रुपये, फर्जी कंपनियों ने बातों में उलझा करवाया निवेश, केस दर्ज

Feb 23, 2026 4:36 AM

चंडीगढ़: भारतीय सेना के रिटायर्ड कर्नल 70 वर्षीय भरत भूषण शर्मा के साथ साइबर ठगों ने 29.45 लाख रुपये की ठगी कर दी। ठगों ने खुद को नामी कंपनियों का प्रतिनिधि बताया और उन्हें निवेश में अच्छे रिटर्न का झांसा देकर उनके खाते से बड़ी रकम निकलवा ली। सेक्टर-47 के रहने वाले शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

शिकायत में कर्नल शर्मा ने बताया कि वे सेना से सेवानिवृत्त पेंशनर हैं। उनकी पेंशन भारतीय स्टेट बैंक, सेक्टर-31 शाखा में में आती है, जबकि उनका एक अन्य बचत खाता आइसीआइसीआइ बैंक, सेक्टर-47 की शाखा में है। अगस्त और नवंबर 2025 के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया और खुद को आइआइएफएल वेल्थ मैनेजमेंट और वेंचुरा सिक्योरिटीज लिमिटेड का प्रतिनिधि बताया। 

आरोपियों ने उन्हें एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा। उन्हें निवेश में अच्छे रिटर्न का झांसा दिया। उन्हें फर्जी वेबसाइट लिंक, ईमेल आइडी और कथित निवेशकों के लाभ के स्क्रीनशट दिखाकर विश्वास में लेने की कोशिश की गई। कर्नल शर्मा उनकी बातों में आ गए और उन्होंने दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच विभिन्न खातों में कुल 29.45 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में छोटे-छोटे निकासी की अनुमति दी गई, जिससे उनका भरोसा और मजबूत हुआ। बाद में आरोपियों ने उन्हें और अधिक निवेश करने के लिए कहा। 

जब उन्होंने मना किया तो आरोपियों ने उन्हें वाट्सएप ग्रुप पर ब्लाक कर दिया। फिर उन्होंने इन कंपनियों के दफ्तर जाकर जानकारी ली तो पता चला कि उन्होंने जो निवेश किया था वह फर्जी था। उन्होंने फिर इस बारे में साइबर क्राइम थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। 

You may also like:

Please Login to comment in the post!