Chandigarh News: बचे हुए शराब ठेकों की नीलामी से 62.38 करोड़ का राजस्व
Mar 26, 2026 10:10 AM
चंडीगढ़: शहर में बचे हुए शराब ठेकों की नीलामी के दूसरे चरण में प्रशासन को अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। बुधवार को हुई ई-नीलामी में 14 में से 11 ठेकों के लिए 19 बोलियां आईं, जिनसे कुल 62.38 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ। इन ठेकों का कुल रिजर्व प्राइस 53.94 करोड़ रुपये था, जिससे करीब 15.64 प्रतिशत अधिक राशि प्राप्त हुई। प्रशासन को इस राउंड में केवल आवेदन फीस के रूप में ही 38 लाख रुपये मिले हैं। शेष चार ठेकों की नीलामी अब दोबारा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पहली नीलामी के बाद कुल 14 लाइसेंसिंग यूनिट्स बिना बिके रह गए थे, जिनके लिए अलग-अलग ई-टेंडर आमंत्रित किए गए थे।
नई एक्साइज पॉलिसी के तहत कई महत्वपूर्ण बदलाव भी लागू किए गए हैं। अब पेट्रोल पंप, मॉल और मार्केट में भी शराब बिक्री की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही शराब दुकानों पर डिजिटल भुगतान को अनिवार्य किया गया है, जिससे लेन-देन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर भी लाइसेंस लेकर विदेशी शराब, वाइन और बीयर बेच सकेंगे। वहीं, दुकानदारों को अपनी दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना अनिवार्य होगा, अन्यथा जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
शराब के परिवहन को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए हर वाहन में जीपीएस ट्रैकिंग अनिवार्य की गई है, जबकि कुछ वाहनों में डिजी-लॉक सिस्टम भी लगाया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की छेड़छाड़ रोकी जा सके। इसके अलावा, हर बोतल पर बारकोड और सिक्योरिटी लेबल होगा, जिससे उसकी ट्रैकिंग संभव हो सकेगी। यह कदम प्रशासन की ओर से राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ शराब बिक्री और परिवहन प्रणाली को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।