Search

Chandigarh News: 48 घंटे में लुटेरा गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल व चाकू बरामद

Apr 01, 2026 10:38 AM

चंडीगढ़: सेक्टर-31 थाना पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक लूट के मामले को सुलझाते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक कामनीदार चाकू और आधार कार्ड बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 30 मार्च को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता महेंद्र साह, रामदरबार फेज-2 निवासी, ने बताया कि वह 29 मार्च को सुबह करीब 11:15 बजे अपनी सब्जी की रेहड़ी पर काम कर रहे थे। इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक उनके सामने आया, रास्ता रोककर चाकू दिखाते हुए धमकाया और गले में पहनी चांदी की चेन तोड़कर छीन ली। आरोपी उनके पास से 200-300 रुपये नकद और आधार कार्ड भी लेकर फरार हो गया। जाते समय उसने जान से मारने की धमकी भी दी।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी दीपक उर्फ लल्ला (26 वर्षीय), मौलीजागरां कॉम्प्लेक्स निवासी, को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें लूट और हत्या जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!