Chandigarh News: चंडीगढ़ प्रीमियर लीग की तैयारियों का संजय टंडन ने लिया जायजा
May 22, 2026 10:14 AM
चंडीगढ़। जून 2026 में आयोजित होने वाली आगामी चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) की तैयारियों के मद्देनज़र यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) के फाउंडर प्रेसिडेंट संजय टंडन ने पदाधिकारियों के साथ पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संजय टंडन ने स्टेडियम के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया, ताकि लीग मुकाबलों का सफल और सुचारू आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, पिच की स्थिति, आउटफील्ड के रखरखाव, फ्लडलाइट व्यवस्था, ड्रेसिंग रूम, अभ्यास सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
संजय टंडन ने कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने के लिए उच्च स्तरीय तैयारियां सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम और अन्य विभागों से जुड़े अधिकारियों के साथ भी चर्चा की। उन्होंने स्टेडियम अधिकारी बी. डोगरा, यूएचबीवीएन के एसडीओ भूपिंदर सिंह और जेई अभिषेक शर्मा से स्टेडियम की तैयारियों तथा बुनियादी सुविधाओं को लेकर बातचीत की।