Search

Chandigarh News: डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड पर सख्ती, समयसीमा में काम पूरा न होने पर कार्रवाई तय

Apr 27, 2026 10:41 AM

चंडीगढ़: शहर में लेगेसी वेस्ट के निस्तारण कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने रविवार शाम 5:30 बजे डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां चल रहे बायो-माइनिंग और कचरा प्रसंस्करण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान संबंधित एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे माननीय न्यायालय के समक्ष तय की गई समयसीमा का हर हाल में पालन सुनिश्चित करें। चीफ इंजीनियर ने स्पष्ट रूप से कहा कि जो भी एजेंसी निर्धारित लक्ष्यों और तय समयसीमा के अनुसार लेगेसी वेस्ट का निस्तारण नहीं करेगी, उसे तत्काल प्रभाव से किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में भविष्य में किसी प्रकार का दावा या अपील स्वीकार नहीं की जाएगी, क्योंकि यह शर्तें पहले से ही समझौते में शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम) के समग्र प्रभारी और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को भी निर्देश दिए कि इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय लक्ष्यों को पूरा नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। चीफ इंजीनियर ने नगर निगम की पर्यावरण संरक्षण और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लेगेसी वेस्ट का समयबद्ध निस्तारण निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने साफ कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।नगर निगम की इस सख्ती को डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड पर लंबे समय से पड़े कचरे के शीघ्र निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!