Search

Chandigarh News: टंडन ने गली क्रिकेट के चौथे संस्करण के लिए डीजीपी से की मुलाकात

Feb 25, 2026 10:27 AM

चंडीगढ़: यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) के  फाउंडर प्रेसिडेंट संजय टंडन ने चंडीगढ़ पुलिस के महानिदेशक डॉ. सागरप्रीत हुड्डा से मुलाकात कर ‘गली क्रिकेट 2026’ के चौथे संस्करण के आयोजन के लिए औपचारिक प्रस्ताव सौंपा। यह प्रतिष्ठित ग्रासरूट टूर्नामेंट हर वर्ष चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से आयोजित किया जाता है। पिछले तीन वर्षों में इस टूर्नामेंट ने युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक खेल गतिविधियों की ओर मोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

टंडन ने बताया कि वर्ष 2023 में शुरू हुआ यह टूर्नामेंट अब क्षेत्र की सबसे बड़ी जमीनी स्तर की क्रिकेट पहलों में से एक बन चुका है। पहले वर्ष में 204 टीमों के 2,448 खिलाड़ियों ने भाग लिया और इसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 302 टीमों (जिनमें 32 लड़कियों की टीमें शामिल थीं) और 3,624 खिलाड़ियों तक पहुंच गया। पिछले वर्ष 576 टीमों और 6,912 खिलाड़ियों (जिनमें 64 लड़कियों की टीमें शामिल थीं) ने हिस्सा लिया और टूर्नामेंट को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी उल्लेख मिला।

गली क्रिकेट 2026 का आयोजन अप्रैल–मई 2026 के दौरान चंडीगढ़ के विभिन्न मैदानों में 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए प्रस्तावित है। यह पहल “बल्ला घुमाओ, नशा भगाओ” के सामाजिक संदेश के साथ युवाओं को गलियों और मोहल्लों से मैदान तक लाकर उन्हें नशे से दूर रखने का उद्देश्य रखती है।

टंडन ने बताया कि टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूटीसीए की अंडर-16 और अंडर-19 घरेलू प्रतियोगिताओं में वाइल्ड कार्ड एंट्री दी जाती है, जिससे उन्हें  क्रिकेट में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। सभी प्रतिभागी टीमों को क्रिकेट किट, यूनिफॉर्म, मेडिकल किट तथा लड़कियों के लिए हाइजीन किट भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!