Chandigarh News: साईं भक्ति में डूबा शहर, श्रद्धा से सजी भव्य पालकी यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब, भक्तिमय हुआ माहौल
Mar 16, 2026 10:29 AM
चंडीगढ़: रामनवमी के पावन अवसर पर शिरडी साईं समाज, चंडीगढ़ द्वारा रविवार को श्री साईं पालकी शोभा यात्रा बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। सेक्टर-29 स्थित श्री साईं धाम मंदिर से सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई इस शोभा यात्रा में सैकड़ों साईं भक्त शामिल हुए। जैसे ही बाबा की पावन पालकी मंदिर परिसर से निकली, वातावरण “साईं राम” और “जय साईंनाथ” के जयघोष से गूंज उठा। भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए बाबा की पालकी के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। जैसे ही बाबा की पावन पालकी मंदिर परिसर से निकली, वातावरण “साईं राम” और “जय साईंनाथ” के जयघोष से गूंज उठा। भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए बाबा की पालकी के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। शोभा यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा की पालकी का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की प्रार्थना की।
भक्तजन भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ बाबा की पालकी के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरे। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर बाबा का स्वागत किया और दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजकों के अनुसार इस बार पालकी यात्रा को विशेष रूप से घर-घर तक पहुंचाने के लिए श्रद्धालुओं से पहले ही अपने नाम दर्ज करवाने के लिए कहा गया था। जिन श्रद्धालुओं ने अपना नाम दिया था, उनके बीच बाद में ड्रॉ निकाला गया। ड्रॉ में जिन-जिन परिवारों के नाम आए, बाबा की पालकी को विशेष रूप से उनके घरों तक ले जाया गया। यह श्रद्धालुओं के लिए बेहद भावुक और आस्था से जुड़ा क्षण रहा, क्योंकि कई परिवारों ने वर्षों से बाबा की पालकी अपने घर आने की मनोकामना रखी हुई थी।
पालकी के स्वागत के लिए जिन घरों का चयन हुआ था, वहां परिवारों ने विशेष तैयारियां की थीं। कई घरों को फूलों, रंगोली, लाइटों और धार्मिक सजावट से सजाया गया था। जैसे ही बाबा की पालकी श्रद्धालुओं के साथ किसी घर के सामने पहुंचती, परिवार के सदस्य और आसपास के लोग श्रद्धा के साथ बाबा का स्वागत करते। हर घर पर पालकी लगभग 10 से 15 मिनट के लिए रोकी गई, जहां मंदिर के पुजारियों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई गई। इस दौरान परिवार के सदस्य और उपस्थित श्रद्धालु बाबा की आरती में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया।
पालकी यात्रा के दौरान लगभग 61 घरों, सोसायटियों और दुकानों के सामने से बाबा की पालकी गुजरी। कई स्थानों पर लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद वितरण और जल सेवा की व्यवस्था भी की थी। यात्रा के साथ चल रहे श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
चंडीगढ़ और पंचकूला के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी साईं पालकी यात्रा
शोभा यात्रा का रूट सेक्टर-29 से शुरू होकर सेक्टर 28, 26, 19, 20, 22, 15, 38 वेस्ट, 40, 41, 51, 50, 49 और रामदरबार से होते हुए पंचकूला पहुंचा। पंचकूला में यह यात्रा सेक्टर-12ए, सेक्टर-20 स्थित साईं सोसाइटी, सेक्टर 10, 11, 4, 2, 6, 8, 18, 13 (एनएसी शिवालिक एन्क्लेव) और सेक्टर-6 एमडीसी से होकर गुजरी। इसके बाद शोभा यात्रा दोबारा चंडीगढ़ में प्रवेश कर सेक्टर 47, 48, 46, 32, 33, 34, 43, 37 और 38 से होते हुए सेक्टर-25 में पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी। दोपहर करीब 1 बजे सेक्टर-12ए पंचकूला में श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद का आयोजन किया गया। वहीं शाम करीब 6:30 बजे सेक्टर-47सी चंडीगढ़ में धूप आरती और चाय प्रसाद का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद रात लगभग 10 बजे सेक्टर-25 में शेज आरती के साथ रात्रि लंगर प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजकों के अनुसार रामनवमी के अवसर पर निकाली गई इस पालकी शोभा यात्रा को लेकर साईं भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला। शहर के विभिन्न इलाकों में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन शहर का वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा।