Search

Chandigarh News: चंडीगढ़ में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत 258 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार

Mar 09, 2026 10:48 AM

चंडीगढ़: शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंडीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 258.92 ग्राम हेरोइन (व्यावसायिक मात्रा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सेक्टर-36 पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसएसपी यूटी चंडीगढ़ कंवरदीप कौर (आईपीएस) के मार्गदर्शन तथा एसडीपीओ साउथ-वेस्ट धीरज कुमार और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जय प्रकाश सिंह की निगरानी में की गई। पुलिस टीम 6 मार्च की रात करीब 8 बजे सेक्टर-35ए स्थित फ्लावर मार्केट के पास गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि तरनतारन (पंजाब) का रहने वाला एक व्यक्ति सेक्टर-43 आईएसबीटी के पीछे इलाके में हेरोइन की सप्लाई करने आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अरशदीप सिंह, गांव चबाल, तरनतारन (पंजाब) निवासी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 258.92 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी से हेरोइन लेकर चंडीगढ़ में सप्लाई करता था और करीब 2300 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में पंजाब के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!