Search

Chandigarh News: फरार उद्घोषित अपराधियों पर यूटी पुलिस का शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Mar 13, 2026 10:41 AM

चंडीगढ़: यूटी पुलिस ने फरार और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए कुल पांच उद्घोषित आरोपियों (पीओ) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी यूटी चंडीगढ़ के निर्देशों में डीएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में पीओ व समन स्टाफ द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार इन गिरफ्तारियों से लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।

पुलिस के मुताबिक स्टेट केसों में तीन आरोपी, जबकि एनआई एक्ट के मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। सभी आरोपियों को संबंधित अदालतों में पेश किया गया। स्टेट केसों में गिरफ्तार आरोपियों में अनिल उर्फ गोलू, सेक्टर-49 चंडीगढ़ निवासी; सीरत गिल, सेक्टर-52 चंडीगढ़ निवासी तथा चक्स, तिलक नगर दिल्ली निवासी शामिल हैं। पेशी के बाद अनिल उर्फ गोलू ने अदालत में जुर्माना भर दिया, जिसके बाद उसे रिहा कर दिया गया। वहीं सीरत गिल और चक्स को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एनआई एक्ट के मामलों में गिरफ्तार आरोपियों में अजय, मोहाली निवासी तथा बलविंदर, मलोया कॉलोनी चंडीगढ़ निवासी शामिल हैं। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से अजय को जमानत पर तथा बलविंदर को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार चल रहे उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में भी यह अभियान जारी रहेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!