Chandigarh News: वकील से मोबाइल स्नैचिंग करने वाला युवक काबू, फोन बरामद
Mar 11, 2026 9:59 AM
चंडीगढ़: सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले में आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 8 मार्च 2026 को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अशोक कुमार बत्रा, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने बताया कि वह 8 मार्च की रात करीब 8:30 बजे सेक्टर-45 स्थित गौशाला में गायों को रोटी खिलाने गए थे। वहां से लौटते समय गौशाला से सेक्टर-45 सी/डी की ओर जाने वाली स्लिप रोड पर एक युवक ने उनसे बातचीत शुरू कर दी। कुछ ही क्षण बाद युवक ने उन्हें धक्का दिया और उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने सेक्टर-45 के बुड़ैल गांव निवासी सुमित उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।