Search

Chandigarh News: अवैध स्ट्रीट वेंडिंग पर जीरो टॉलरेंस, मेयर ने दिए सख्त निर्देश, चंडीगढ़ नगर निगम का कड़ा रुख

May 07, 2026 10:27 AM

चंडीगढ़: शहर के मेयर सौरभ जोशी ने बुधवार को नगर निगम चंडीगढ़ के बीएंडआर, सैनिटेशन और इंफोर्समेंट विंग सहित प्रमुख विभागों की एक व्यापक समीक्षा बैठक की, जिसमें शहर में स्ट्रीट वेंडिंग की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान मेयर ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त “एक्शन मोड” में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध स्ट्रीट वेंडिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, फुटपाथों तथा बाजार क्षेत्रों में अवैध रूप से कब्जा करने वाले वेंडर्स के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 

मेयर ने सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल वही स्ट्रीट वेंडर्स निर्धारित वेंडिंग जोन में कार्य कर सकते हैं, जिनके पास स्ट्रीट वेंडर्स (आजीविका संरक्षण एवं स्ट्रीट वेंडिंग विनियमन) अधिनियम, 2014 के तहत जारी वैध प्रमाणपत्र और पंजीकरण हो। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने अतिक्रमण रोकने, पैदल यात्रियों के अधिकारों की रक्षा करने और वैध वेंडर्स की आजीविका के संतुलन के साथ शहरी व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है।

मेयर सौरभ जोशी ने इंफोर्समेंट विंग को अवैध वेंडिंग के खिलाफ अभियान तेज करने, अतिक्रमणों को तुरंत हटाने तथा गैर-निर्धारित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अनधिकृत वेंडिंग नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निरंतर निगरानी और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। मेयर ने कहा कि अनधिकृत रेहड़ी-फड़ी और अवैध कब्जों के कारण शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सार्वजनिक सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुविधा, सुचारु यातायात व्यवस्था और शहर की स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!