Chandigarh: परीक्षाओं के बीच शोर मचाया तो खैर नहीं, उल्लंघन पर आयोजक जिम्मेदार
Feb 13, 2026 4:32 AM
चंडीगढ़: यूटी पुलिस ने परीक्षा सीजन को देखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर कड़ा रुख अपनाया है। वीरवार को सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में यूटी की महिला एसएसपी कंवरदीप कौर की अध्यक्षता में शहर के डीजे एसोसिएशनों, होटल, मैरिज पैलेस, बैंक्वेट हॉल, क्लब और अन्य आयोजन स्थलों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक और निजी स्थानों पर साउंड सिस्टम के उपयोग को विनियमित करना और नॉइज़ पॉल्यूशन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना रहा। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को शांत वातावरण मिलना बेहद जरूरी है, इसलिए सभी संस्थान रात 10 बजे के बाद ध्वनि संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करें।
साथ ही निर्देश दिए गए कि साउंड सिस्टम से जुड़े किसी भी कार्यक्रम से पहले सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। रिहायशी इलाकों और शिक्षण संस्थानों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने को भी कहा गया है। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आयोजक, स्थल प्रबंधक व डीजे ऑपरेटर व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है।