चंडीगढ़: बुडैल में पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
Dec 13, 2025 4:26 AM
चंडीगढ़: सेक्टर-34 थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, यह मामला 10 दिसंबर की रात का है, जब पुलिस पोस्ट बुडैल में तैनात हेड कांस्टेबल हंसदीप अपने साथी कॉन्स्टेबल सुरिंदर के साथ गश्त पर थे। गश्त के दौरान वे कबाड़ी मार्केट, बुडैल के पास पहुंचे, जहां तीन युवक शराब के नशे में उत्पात मचाते मिले। जब हेड कॉन्स्टेबल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो तीनों आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने सीमेंट की टाइल उठाकर उनके सिर पर कई बार वार किया, जबकि अन्य दो ने लात-घूंसों से हमला किया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों—संजय उर्फ सुंजू, आशु और संजय—को 11 दिसंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इनमें आरोपी आशु के खिलाफ पूर्व में भी 9 मामले दर्ज पाए गए हैं।