चंडीगढ़ में एसआईआर का एन्यूमरेशन फेज़ शुरू, सुखना लेक पर वॉकाथॉन से दिया जागरूकता का संदेश
Jun 16, 2026 10:02 AM
चंडीगढ़: लोकतंत्र की नींव को और मजबूत करने की दिशा में चंडीगढ़ में बड़ा अभियान शुरू हो गया है। निर्वाचक नामावलियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत एन्यूमरेशन फेज़ सोमवार से शुरू हो गया। यह प्रक्रिया 14 जुलाई 2026 तक चलेगी। इस दौरान पात्र नागरिकों के निर्वाचन संबंधी विवरणों के सत्यापन और अपडेट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसआईआर प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक करने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शहरभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को सुखना लेक पर वॉकाथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें 200 से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सिविल डिफेंस वालंटियर्स (सीडीवी) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने “एसआईआर, चंडीगढ़ है तैयार” का नारा लगाते हुए स्वच्छ और अद्यतन मतदाता सूची के महत्व का संदेश दिया। वॉकाथॉन के दौरान स्वयंसेवकों ने आम नागरिकों से बातचीत कर उन्हें एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी दी और अपने निर्वाचन संबंधी विवरणों की जांच व सत्यापन करवाने के लिए प्रेरित किया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि एन्यूमरेशन फेज़ का उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद जानकारी को सही और अपडेट करना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रहे। शुद्ध और समावेशी निर्वाचक नामावली चुनाव प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इससे पहले भी शहर में एसआईआर को लेकर कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। चार दिन पहले डीएवी कॉलेज, सेक्टर-10 में एनएसएस यूनिट और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के सहयोग से जागरूकता सत्र आयोजित किया गया था। वहीं, रोज गार्डन में जागरूकता वॉक और सेक्टर-17 प्लाजा में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इन सभी गतिविधियों में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण के महत्व को समझा। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे एन्यूमरेशन चरण के दौरान सक्रिय रूप से भाग लें, अपने विवरणों का सत्यापन करवाएं और एक मजबूत, पारदर्शी एवं समावेशी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें।