चंडीगढ़ पेट्रोल-डीजल खरीद पर लिमिट की खबर के बाद बोले डीसी-पेट्रोल-डीजल खरीद पर कोई लिमिट नहीं, पोस्टर हटाए गए
May 18, 2026 2:24 PMचंडीगढ़: चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल खरीद पर लिमिट लगाए जाने की खबर के बाद सोमवार को शहर में हलचल मच गई। सेक्टर-17 स्थित एचजी पेट्रो केयर पेट्रोल पंप पर लगाए गए पोस्टर में लिखा गया था कि दोपहिया वाहनों में अधिकतम 500 रुपए और चारपहिया वाहनों में 1500 रुपए तक का ही पेट्रोल या डीजल दिया जाएगा। पोस्टर सामने आने के बाद लोगों में पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए पोस्टर हटवा दिए और साफ किया कि ऐसी कोई आधिकारिक सीमा तय नहीं की गई है।
DC निशांत यादव ने किया स्पष्ट
चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रशासन की तरफ से पेट्रोल-डीजल खरीद पर कोई लिमिट तय नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि शहर में ईंधन की सप्लाई को लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सेक्टर-17 स्थित पेट्रोल पंप से लिमिट वाले पोस्टर हटा दिए गए। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि चंडीगढ़ के अन्य पेट्रोल पंपों पर इस तरह का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया था।
सिर्फ एक पेट्रोल पंप पर लगाए गए थे पोस्टर
चंडीगढ़ में कुल करीब 86 पेट्रोल पंप हैं, लेकिन पेट्रोल-डीजल खरीद की सीमा संबंधी पोस्टर केवल सेक्टर-17 स्थित एचजी पेट्रो केयर पंप पर लगाए गए थे। पंप कर्मचारियों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल और डीजल की सप्लाई कम मिल रही है, जबकि डिमांड लगातार बढ़ रही है। पंप के कर्मचारी उजगार सिंह ने बताया कि सप्लाई प्रभावित होने की वजह से ग्राहकों को परेशानी से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया था। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि इस संबंध में प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ था।
डिमांड बढ़ने से पंप संचालकों की चिंता
चंडीगढ़ के कई पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि हाल के दिनों में ईंधन की मांग में तेजी आई है। सेक्टर-10 स्थित एक पेट्रोल पंप के मैनेजर ने कहा कि पहले उनके यहां रोजाना करीब 22 हजार लीटर पेट्रोल और डीजल की खपत होती थी, जो अब बढ़कर 26 हजार लीटर तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि रोजाना लगभग 25 हजार लीटर ईंधन की सप्लाई आती है, लेकिन रविवार को सप्लाई वाहन नहीं पहुंचा था, जिससे थोड़ी दिक्कत हुई। सोमवार को स्थिति सामान्य बताई गई। पंप संचालकों का कहना है कि यदि डिमांड इसी तरह बढ़ती रही तो आगे सप्लाई प्रबंधन चुनौती बन सकता है।
15 मई को पंजाब समेत चंडीगढ़ में भी पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद कई लोगों ने एहतियात के तौर पर ज्यादा मात्रा में ईंधन भरवाना शुरू कर दिया। पंप संचालकों के अनुसार इसी वजह से मांग अचानक बढ़ गई। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सामान्य तरीके से ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल शहर में ईंधन की उपलब्धता बनी हुई है।
कुछ लोगों ने फैसले को बताया सही
सेक्टर-17 स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे वाहन चालकों की प्रतिक्रिया भी अलग-अलग रही। राजेश शर्मा नाम के एक ग्राहक ने कहा कि यदि सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया जाए तो लोग अनावश्यक वाहन उपयोग कम करेंगे और इससे ईंधन की बचत होगी। हालांकि कई अन्य लोगों ने कहा कि बिना प्रशासनिक आदेश के इस तरह की सीमा तय करना सही नहीं है। फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल खरीद पर किसी तरह की आधिकारिक लिमिट लागू नहीं की गई है।