चंडीगढ़ में पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस, धमकी भरे मेल के बाद शहर में अलर्ट
Apr 13, 2026 4:36 PMचंडीगढ़: चंडीगढ़ में आज यानी सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल सामने आई। यह ई-मेल विदेश मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों और रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को भेजी गई थी। मेल में दावा किया गया कि शहर में 14 जहरीले बम लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और तुरंत इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित पासपोर्ट ऑफिस में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
धमकी भरे मेल में क्या लिखा
ई-मेल भेजने वाले ने खुद को ‘आजाद द्रविड़ नाडु’ संगठन से जुड़ा बताया है। उसने तमिलनाडु में राजनीतिक और पुलिस से जुड़े मामलों पर नाराजगी जताई है। मेल में बांग्लादेश से जुड़े घटनाक्रमों का भी जिक्र करते हुए पुलिस पर अन्याय का आरोप लगाया गया। आरोपी ने लिखा कि चेन्नई पुलिस उसकी एफआईआर दर्ज नहीं कर रही, इसलिए यह कदम उठाया गया है।
पासपोर्ट ऑफिस बना निशाना
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में स्थित पासपोर्ट ऑफिस को निशाना बनाकर यह धमकी दी गई। ई-मेल आधी रात करीब 1 बजे के बाद भेजी गई थी। मेल में रीजनल पासपोर्ट ऑफिस के आधिकारिक ई-मेल आईडी को भी शामिल किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की गहन जांच की।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
चंडीगढ़ में इस तरह की धमकियां पहले भी मिल चुकी हैं। शहर के स्कूलों को दो बार बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। इसके अलावा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और जिला अदालत को भी कई बार धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। हालांकि हर बार जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और सभी धमकियां झूठी साबित हुईं।
साइबर जांच में जुटी पुलिस
ताजा मामले में पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए उसकी आईपी एड्रेस ट्रेस की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है, लेकिन जांच पूरी गंभीरता से जारी है।