Search

Breaking: पंचकूला में लूट-किडनैपिंग मामले में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, 5 राउंड की फायरिंग में 2 के पैरों में लगी गोली

Jun 17, 2026 9:55 AM

पंचकूला: पंचकूला के बरवाला इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार तड़के पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खुद को घिरता देख क्राइम ब्रांच की टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन राउंड फायर किए, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों की पहचान भिवानी के अलाउदीनपुर निवासी योगेश और चरखी दादरी के पिचौपा गांव निवासी दीपेश के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है।

किडनैपिंग और लूट केस की जांच में हुई कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मुठभेड़ 15 जून को पिंजौर में हुई किडनैपिंग और लूट की वारदात की जांच के दौरान हुई। क्राइम ब्रांच-19 की टीम बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बरवाला इंडस्ट्रियल एरिया में आरोपियों की तलाश में पैदल गश्त कर रही थी। इसी दौरान सामने आए दोनों संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में पकड़ लिया। मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक कुल चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं।

15 जून को पिंजौर से किया गया था अपहरण

पुलिस जांच के मुताबिक 15 जून की शाम एचएमटी पिंजौर के सामने से बलजिंदर नाम के व्यक्ति का अपहरण किया गया था। आरोपियों ने उसे जबरन एक ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठाया और उसकी गर्दन पर चाकू रखकर बंधक बना लिया। पीड़ित को चंडीमंदिर टोल तक ले जाया गया, जहां उसकी जेब से करीब 12 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने एक पेट्रोल पंप पर उसके मोबाइल से यूपीआई भुगतान कराकर 1950 रुपये का तेल भी भरवाया।

पीड़ित के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे बरवाला अनाज मंडी के पास छोड़कर फरार हो गए थे। घटना के बाद पिंजौर थाने में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसी कड़ी में बुधवार सुबह यह मुठभेड़ हुई।

पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले

पंचकूला डीसीपी क्राइम अमरिंदर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया है कि दीपेश के खिलाफ गुरुग्राम में अपहरण और मारपीट के मामले दर्ज हैं। वहीं योगेश पर भी गुरुग्राम में हथियार सप्लाई से जुड़ा मामला दर्ज बताया गया है। पुलिस अब चारों आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल किए गए नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की जानकारी जुटा रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!