पंजाब यूनिवर्सिटी: आज पीयू के 5 केंद्रों पर होगी एमईटी परीक्षा, 1200 से अधिक आवेदक होंगे शामिल
Apr 12, 2026 10:41 AM
चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट साइंसेज (यूआईएएमएस) ने रविवार को होने वाली मैनेजमेंट एंट्रेंस टेस्ट (एमईटी) परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन किया है, जिससे संस्थान की लोकप्रियता और भरोसा स्पष्ट होता है। जानकारी के मुताबिक इस बार कुल 1,276 आवेदकों ने परीक्षा के लिए फीस भरी है, जबकि 1,243 उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए अपने आवेदन पत्र भी हासिल किए हैं।
परीक्षा का आयोजन पंजाब यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस, सेक्टर-25 स्थित पांच केंद्रों पर किया जाएगा। इनमें यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (ब्लॉक-1 और ब्लॉक-2), यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट साइंसेज, डिपार्टमेंट ऑफ बायो-फिजिक्स एंड बायो-केमिस्ट्री तथा डॉ. हरवंश सिंह जज इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज एंड हॉस्पिटल शामिल हैं। सभी केंद्रों पर बैठने, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक सहयोग के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें
यूआईएएमएस की निदेशक प्रो. अनुप्रीत कौर मावी ने कहा कि संस्थान सभी अभ्यर्थियों को सुगम और परेशानी मुक्त परीक्षा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि छात्रों की सुविधा, सुरक्षा और पहुंच को ध्यान में रखते हुए हर व्यवस्था को सावधानीपूर्वक सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि दिव्यांग आवेदकों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यूआईएएमएस प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और छात्र हितैषी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं। आवदेकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।