Punjab Weather Update: पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान में गिरावट की संभावना
Apr 03, 2026 11:35 AMPunjab Weather: पंजाब और चंडीगढ़ में शुक्रवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने इन परिस्थितियों को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हाल के दिनों में तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक हो गया है, जबकि सबसे अधिक तापमान 36.8 डिग्री पटियाला में रिकॉर्ड किया गया।
12 जिलों में ओलावृष्टि का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के 22 जिलों में मौसम का असर देखने को मिलेगा, जिनमें से 12 जिलों में ओलावृष्टि की आशंका है। पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और जालंधर में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और ओले पड़ने की संभावना है। इन जिलों में दिनभर बादल छाए रहने के भी आसार हैं।
अन्य जिलों में तेज हवाएं और गरज-चमक
इसके अलावा फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। वहीं 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जिनमें कुछ स्थानों पर ज्यादा और कुछ जगहों पर सीमित बारिश हो सकती है।
7 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी ईरान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जो अब अफगानिस्तान के ऊपर ऊंचाई पर प्रभाव डाल रहा है। इसके साथ दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और कच्छ के पास बना चक्रवाती परिसंचरण भी जुड़ गया है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से क्षेत्र में अस्थिर मौसम बना हुआ है। विभाग ने बताया कि 7 अप्रैल 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होगा, जिससे मौसम में फिर बदलाव आएगा।
8 अप्रैल तक जारी रहेगा असर
मौसम विभाग चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार राज्य में 3, 4, 7 और 8 अप्रैल को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 5 और 6 अप्रैल को कुछ अलग-थलग स्थानों पर बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।