Search

रेवाड़ी भाजपा में बवाल: स्थापना दिवस के बैनर से सीएम नायब सैनी और प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली 'आउट'

Apr 11, 2026 1:48 PM

चंडीगढ़। रेवाड़ी में भाजपा का स्थापना दिवस कार्यक्रम उस समय विवादों के घेरे में आ गया, जब कार्यकर्ताओं की नजर मंच के बैकड्रॉप पर पड़ी। बैनर पर एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की तस्वीर थी, तो दूसरी तरफ रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव, कोसली के विधायक अनिल यादव और बावल से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार को जगह दी गई थी। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि प्रदेश में सत्ता और संगठन के शीर्ष चेहरों—मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली—के लिए बैनर पर जगह कम पड़ गई।

कार्यकर्ताओं में कानाफूसी, नेताओं ने जताई आपत्ति

कार्यक्रम के दौरान ही कई पुराने कार्यकर्ताओं के बीच इस 'तस्वीर कांड' को लेकर कानाफूसी शुरू हो गई। भाजपा के ही कुछ निष्ठावान नेताओं का मानना है कि यह कोई तकनीकी गलती नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई अनदेखी है। नाम न छापने की शर्त पर एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "जब जिला संगठन बैनर छपवाता है, तो प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य होता है। सीएम और प्रदेशाध्यक्ष की फोटो गायब होना संगठन की साख को बट्टा लगाने जैसा है।"

राव इंद्रजीत की मौजूदगी और बदली हुई सियासी फिजा

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे और अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली कर रही थीं। रेवाड़ी की राजनीति में अक्सर 'राव बनाम संगठन' की जंग देखने को मिलती रही है। जानकारों का कहना है कि जिस तरह से बैनर पर केवल स्थानीय चेहरों और राव इंद्रजीत को प्राथमिकता दी गई, वह रेवाड़ी भाजपा के भीतर चल रही अपनी 'स्वतंत्र सत्ता' की ओर इशारा करता है।

अनुशासनात्मक कार्रवाई की लटकी तलवार

मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले की गूंज चंडीगढ़ तक पहुंच चुकी है। भाजपा के कुछ पदाधिकारियों ने बाकायदा फोटो और वीडियो के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय और प्रदेश नेतृत्व को शिकायत भेजी है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि संगठन इसे 'गंभीर अनुशासनहीनता' मान रहा है। आगामी दिनों में जिला संगठन से इस 'बड़ी चूक' पर लिखित स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।

जहाँ एक ओर भाजपा 12 अप्रैल तक 'बस्ती चलो' अभियान के तहत संगठन को मजबूत करने का दावा कर रही है, वहीं रेवाड़ी की यह तस्वीर बता रही है कि संगठन के भीतर की 'दरारें' भरने के लिए अभी काफी मशक्कत की जरूरत है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!