सुखना लेक एयर शो: कल और परसों लेक के आसपास की सड़कें रहेंगी बंद, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
Mar 26, 2026 9:42 AMचंडीगढ़: सुखना लेक पर 27 (शुक्रवार) और 28 मार्च (शनिवार) को आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन के अनुसार दोनों दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा और कुछ जगहों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। और एडवाइजरी के मुताबिक, ओल्ड बैरिकेड चौक (सेक्टर 1/3/4) से हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6-7/8) तक उत्तर मार्ग और सरोवर पथ पर आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा न्यू बैरिकेड चौक (सेक्टर 3/4/9/10) से विज्ञान पथ होते हुए हीरा सिंह चौक तक और सेंट कबीर लाइट प्वाइंट से चंडीगढ़ गोल्फ क्लब तक भी यातायात प्रभावित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दर्शकों को सीधे सुखना लेक जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें निर्धारित पिकअप प्वाइंट्स तक पहुंचकर वहां से शटल बस सेवा का उपयोग करना अनिवार्य होगा। सिर्फ वाहनों ही नहीं, बल्कि ओल्ड बैरिकेड चौक से हीरा सिंह चौक तक पैदल चलने पर भी तय समय के दौरान प्रतिबंध रहेगा। वहीं, सुखना लेक पर आम लोगों के लिए सभी प्रकार की मनोरंजन गतिविधियां भी इन दो दिनों के लिए बंद रहेंगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मेडिकल इमरजेंसी, एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं को प्रतिबंध के बावजूद सुगम आवाजाही की सुविधा दी जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे एडवाइजरी का पालन करें और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाएं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
ये हैं प्रमुख पिकअप प्वाइंट्स
मनीमाजरा का रेलवे कॉलोनी ग्राउंड, दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-17 का परेड ग्राउंड, सेक्टर-25 का रैली ग्राउंड, सेक्टर-34 का मेला ग्राउंड, काला ग्राम के पास पार्किंग एरिया और आईटी पार्क के पास ललित होटल के निकट पार्किंग स्थल को पिकअप प्वाइंट बनाया गया है।
एयर शो के लिए प्रशासक को मुख्य अतिथि बनने का दिया निमंत्रण
एयर कमोडोर दीपक पंत, एओसी, एयर फोर्स स्टेशन चंडीगढ़ ने बुधवार को लोक भवन, पंजाब में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 28 मार्च को आयोजित होने वाले एयर शो में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।