Search

Chandigarh Crime News: चंडीगढ़ में चोर बेखौफ, घरों में सेंध लगाकर गहने और नकदी उड़ाई

Jun 10, 2026 10:42 AM

चंडीगढ़: शहर में चोरी का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन चंडीगढ़ के अलग-अलग कोनों से चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। ताजा मामलों में सेक्टर-26 और कैंबवाला क्षेत्र में चोरों ने घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी चुरा ली। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में सेक्टर-27ए निवासी 52 वर्षीय सिद्धार्थ कुमार की शिकायत पर थाना सेक्टर-26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(3) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

शिकायतकर्ता के अनुसार 1 जून 2026 को उनकी गैरमौजूदगी में आरोपी खिड़की के रास्ते घर में घुस गया। घर का सामान बिखेरने के बाद आरोपी सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गया। मामले की गंभीरता इस बात से भी बढ़ गई कि घर की रसोई से तेजधार चाकू निकालकर बेड पर रखे गए थे। पुलिस का मानना है कि यदि घर में किसी का सामना हो जाता तो आरोपी इनका इस्तेमाल हमला करने, डराने या नुकसान पहुंचाने के लिए कर सकता था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी के घर में प्रवेश करने और अंदर घूमने की फुटेज भी सामने आई है। 

पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। दूसरे मामले में कैंबवाला निवासी वरिंदर कुमार की शिकायत पर थाना सेक्टर-3 में बीएनएस की धारा 305 के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 9 और 10 मई की दरम्यानी रात को चोर उनके घर में घुस गया और एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक नोज पिन, एक जोड़ी चांदी की पायल तथा 70 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। पुलिस ने दोनों मामलों में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!