चंडीगढ़: चंडीगढ़ यूटी पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से कुल लगभग 25 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कॉलोनी के रहने वाले आनंद कुमार उर्फ आदर्श और गांव झामपुर, मोहाली निवासी अभिषेक उर्फ अभि के रूप में हुई है। पहली कार्रवाई थाना सेक्टर-39 की टीम ने सेक्टर-56 के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास की, जहां जांच के दौरान अभिषेक पुलिस को देखकर भागने लगा। शक के आधार पर उसे पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें 14.22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।


दूसरी कार्रवाई थाना सेक्टर-31 पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में प्लॉट नंबर 47 के पास की। यहां से आनंद कुमार को दबोच लिया गया और तलाशी के दौरान उसके पास से 9.80 ग्राम हेरोइन मिली। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दोनों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!