मलोया पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर गिरोह, चार आरोपी गिरफ्तार, बाइकें चोरी कर 12–15 हजार में बेचते थे
Mar 30, 2026 10:37 AM
चंडीगढ़: मलोया थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं। रफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार, सुखविंदर सिंह, रशपाल सिंह और गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के फिरोजपुर और मोगा जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, इन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मलोया थाने में 26 मार्च को मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि यह गिरोह 12 से 14 सदस्यों का है, जो ट्राईसिटी क्षेत्र में सक्रिय था। आरोपी चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी कर उन्हें फिरोजपुर और मोगा में 12 से 15 हजार रुपये में बेच देते थे। गिरोह अब तक 15 से 20 दोपहिया वाहन चोरी कर चुका है। पुलिस टीम ने आरोपियों को डड्डूमाजरा स्थित द्रोणाचार्य स्टेडियम के पीछे से गिरफ्तार किया, जहां इनके पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी दो एक्टिवा बरामद हुईं। जांच में दोनों वाहन चोरी के पाए गए।
नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे चोरी के वाहन, 9 दोपहिया बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी किए गए वाहनों के असली नंबर प्लेट हटाकर खेतों में फेंक देते थे और उनकी जगह फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे, ताकि पुलिस से बच सकें। पुलिस ने अब तक आरोपियों की निशानदेही पर 9 वाहन बरामद किए हैं, जिनमें बुलेट, स्प्लेंडर और एक्टिवा शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।