देहरादून-हरिद्वार राजमार्ग पर सड़क हादसा: कई वाहन आपस में टकराए, एक महिला की मौत, 15 लोग घायल
Mar 09, 2026 1:48 PM
देहरादून: देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायवाला क्षेत्र में एक ट्रैक्टर ट्रॉली और एक बस की टक्कर होने के बाद, उनके पीछे मौजूद कई वाहन एक दूसरे से टकरा गए और उनमें आग लग गई। इस घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई और 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा रविवार देर रात होटल गॉडविन के सामने मोतीचूर फ्लाई ओवर पर हुआ, जहां रायवाला से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस ने एक टैक्टर ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद, एक स्कार्पियो बस से टकरा गई और उसके बाद एक—एक करके दो अन्य वाहन भी टकरा गए।
पुलिस ने बताया कि वाहनों की टक्कर से संभवत: स्कार्पियो के सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया और आग लग गयी, जिसकी चपेट में आने से अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। आग लगने के बाद दुर्घटना स्थल पर धुएं का गुबार छा गया और अफरा-तफरी मच गयी। लोग वाहनों से उतरकर बाहर की ओर भागने लगे। इस बीच, दुर्घटना स्थल पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के दौरान एक महिला ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद की रहने वाली कुसुम (30) के रूप में हुई है।
हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली सवार 15 अन्य व्यक्ति घायल भी हुए, जिन्हें पुलिस व दमकल कर्मियों द्वारा हरिद्वार के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के कारण राजमार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और कई घंटों की मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद ही यातायात सुचारु हो पाया। सभी पीड़ित उत्तर प्रदेश के बिजनौर और नजीबाबाद के रहने वाले थे जो देहरादून में झंडा मेले में भाग लेने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे। घायलों में चार महिलाएं और 12 वर्ष से कम उम्र के सात बच्चे भी शामिल है।