Search

Uttarakhand News: देहरादून में छात्रों के दो गुटों की झड़प में एक युवक की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

Mar 24, 2026 3:00 PM

देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए झगड़े और मारपीट में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। देहरादून के नगर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात केहरी गांव में विद्यार्थियों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के निवासी 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि जाटराना के साथी उसे प्रेमनगर क्षेत्र के एक अस्पताल ले गए। कुमार ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस भी अस्पताल पहुंची जहां उसे जानकारी मिली कि जाटराना की हालत गंभीर होने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में एंबुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने घायल युवक को अपने वाहन से दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

जाटराना बीटेक का छात्र था। घटना की सूचना मिलने पर युवक के परिजन देहरादून पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी जिसके आधार पर प्रेमनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार छात्रों में बिहार के भोजपुर जिले के निवासी युवराज कुमार (20), उधमसिंह नगर जिले के निवासी मधुर खंडेलवाल (19) और बिहार के पटना के निवासी शिवम शर्मा (20) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल सभी छात्र प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में बीटेक और बीबीए की पढ़ाई कर रहे हैं। उसने बताया कि कॉलेज परिसर में वर्चस्व को लेकर उनके बीच लंबे समय से विवाद था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!