20 साल छोटे प्रेमी ने की अनीता की हत्या, ब्लैकमेलिंग का खौफनाक अंत
Apr 23, 2026 1:12 PM
फरीदाबाद। फरीदाबाद में करीब एक सप्ताह पहले लापता हुई अनीता नामक महिला की मौत की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस तफ्तीश में जो सच सामने आया है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। अनीता की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके 20 साल छोटे बॉयफ्रेंड ब्रहमजीत ने की थी। उम्र के फासले को दरकिनार कर शुरू हुआ यह रिश्ता नफरत की उस दहलीज पर पहुंच गया, जहां ब्रहमजीत ने बेरहमी से अनीता को मौत के घाट उतार दिया। 15 अप्रैल को वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को गांव मोहला के पास एक गंदे नाले में फेंक दिया था।
शादी बनी फांस: ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर बनाया मर्डर का प्लान
पुलिस पूछताछ में 22 वर्षीय ब्रहमजीत ने कबूला कि करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात अनीता से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए, लेकिन एक साल पहले ब्रहमजीत की शादी हो गई। शादी के बाद उसने अनीता से किनारा करना चाहा, लेकिन अनीता उसे छोड़ने को तैयार नहीं थी। आरोपी का आरोप है कि अनीता उसे मिलने के लिए मजबूर करती थी और मना करने पर उसके परिवार को पुराने संबंधों के बारे में बताने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी। इसी 'रोज-रोज के ड्रामे' को खत्म करने के लिए ब्रहमजीत ने खौफनाक साजिश रची।
बिजली बिल भरने के बहाने ले गया और नाले के पास मार डाला
वारदात वाले दिन ब्रहमजीत, अनीता को बिजली का बिल भरने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। वह उसे गांव कबूलपुर से होते हुए मोहला के जंगल में ले गया। वहां सुनसान जगह पाकर उसने अनीता को जमीन पर पटका और पैर से गला दबाकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद उसने अपने पिता जगविंद्र को सब सच बता दिया। बजाय पुलिस को सूचना देने के, पिता ने बेटे को बचाने की कोशिश की और उसे बाइक पर बैठाकर पलवल में एक रिश्तेदार के यहाँ छोड़ आया। पुलिस ने पिता को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जो फिलहाल रिमांड पर है।
'रॉकी' और 'शेरू' ने निभाया वफा का फर्ज
इस पूरे मामले में सबसे भावुक कर देने वाला पहलू उन बेजुबान कुत्तों का है, जिन्हें अनीता रोजाना रोटी खिलाती थी। अनीता के गायब होने के बाद से ही गली के कुत्ते 'रॉकी' और 'शेरू' बेहद मायूस थे। महिला के परिजनों और पुलिस की तलाश जब नाकाम रही, तब इन कुत्तों ने ही नाले के पास जाकर शोर मचाना शुरू किया। उन्हीं के इशारे पर पुलिस नाले तक पहुंची और अनीता का शव बरामद हुआ। पुलिस ने अब मुख्य आरोपी ब्रहमजीत को सलाखों के पीछे भेज दिया है और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।