Search

फरीदाबाद में भीषण अग्निकांड: 5 गाड़ियां जलकर राख, तड़के धमाकों से दहल गई जवाहर कॉलोनी

May 12, 2026 2:14 PM

फरीदाबाद।  औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में मंगलवार की सुबह दहशत भरी रही। जवाहर कॉलोनी और प्रेस कॉलोनी के बीच लक्ष्मी डेयरी के पास स्थित एक खाली प्लॉट में खड़ी पांच गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा तड़के 4:30 से 5:00 बजे के बीच का बताया जा रहा है, जब पूरा शहर नींद के आगोश में था। गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन देखते ही देखते लाखों रुपये की गाड़ियां जलकर लोहे का ढांचा मात्र रह गईं।

मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक ने देखा खौफनाक मंजर

स्थानीय निवासी विक्रम ने बताया कि जब वे सुबह सैर के लिए घर से निकले, तो उन्हें जलने की तेज आवाजें सुनाई दीं और आसमान में काला धुआं उठता दिखा। पास जाकर देखा तो मैदान में खड़ी एक गाड़ी धूं-धूं कर जल रही थी। विक्रम ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी अन्य चार गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई गाड़ियां सीएनजी किट वाली थीं, जिसके चलते सिलेंडर फटने के डर से लोग पास जाकर आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

दमकल विभाग की मशक्कत, जांच में जुटी सारन थाना पुलिस

एनआईटी फायर स्टेशन के अधिकारी सुखबीर यादव ने बताया कि सुबह 4:45 बजे सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गई थीं। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। वहीं सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट या सीएनजी लीकेज का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस इस आशंका को भी खारिज नहीं कर रही कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर आग लगाई हो।

You may also like:

Please Login to comment in the post!