बुजुर्ग महिला को पीटने वाली युवती पर केस दर्ज, सीसीटीवी में कैद हुई हैवानियत
May 01, 2026 5:19 PM
फरीदाबाद। फरीदाबाद का सेक्टर-29 रविवार की शाम एक ऐसी घटना का गवाह बना, जिसने पड़ोसियों के रिश्तों और बुजुर्गों के सम्मान पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित महिला रेखा तुली (75) अपने घर के बाहर खड़ी थीं, तभी पड़ोस में रहने वाली एक युवती वहां पहुँची और बिना किसी लिहाज के गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते युवती का गुस्सा इस कदर भड़का कि उसने बुजुर्ग महिला पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवती ने एक के बाद एक करीब एक दर्जन थप्पड़ मारे, जिससे बेबस बुजुर्ग महिला खुद को संभाल नहीं पाईं और बीच सड़क पर ही गिर पड़ीं।
पाइपलाइन का मामूली विवाद बना 'खून का प्यासा'
जानकारी के मुताबिक, इस हिंसक झड़प की नींव रविवार सुबह ही पड़ गई थी। इलाके में पानी की एक पाइपलाइन फट गई थी, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी। मोहल्ले के लोगों को लगा कि मामला शांत हो गया है, लेकिन शाम होते-होते आरोपी युवती ने अपना आपा खो दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवती अक्सर छोटी-छोटी बातों पर विवाद करती है। उन्होंने पुलिस पर भी ढुलमुल रवैये का आरोप लगाया है कि पिछली शिकायतों पर अगर 'समझौते' के बजाय कार्रवाई होती, तो आज रेखा तुली अस्पताल के बजाय अपने घर में सुरक्षित होतीं।
"अगर पहले कार्रवाई होती, तो न होता यह हाल"
पीड़ित परिवार ने सेक्टर-28 पुलिस चौकी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी महिला पहले भी कई बार मोहल्ले में झगड़े कर चुकी है। हर बार पुलिस 'पड़ोसियों का मामला' बताकर सुलह करा देती थी। परिजनों के मुताबिक, पुलिस की इसी नरमी ने आरोपी के हौसले बुलंद कर दिए। रविवार की घटना के बाद बुजुर्ग महिला को न केवल शारीरिक चोटें आई हैं, बल्कि वह इस मानसिक सदमे से भी उबर नहीं पा रही हैं।
पुलिस का पक्ष: फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-31 थाना प्रभारी विवेक मलिक ने बताया कि दोनों ही पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। हालांकि, वायरल सीसीटीवी फुटेज एक पक्ष की बर्बरता की तस्दीक कर रहा है। पुलिस ने फुटेज को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है और जांच पूरी होने के बाद सख्त कानूनी धाराएं लगाई जाएंगी।