Search

फरीदाबाद में मान्यवर शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों के कपड़े जलकर राख

May 15, 2026 11:27 AM

फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के सेक्टर-11 में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब YMCA चौक के पास स्थित प्रसिद्ध कपड़ों के शोरूम 'मान्यवर' से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ, जब शोरूम बंद हो चुका था और अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक के बाद एक करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी जद्दोजहद के बाद लपटों पर काबू पाया गया।

शिफ्टिंग की तैयारी में थे मालिक, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था

शोरूम से जुड़े शोभित चावला ने बताया कि यह हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण समय पर हुआ। दरअसल, नगर निगम द्वारा शोरूम के सामने दीवार खड़ी किए जाने के कारण शोरूम को खाली करने की योजना थी। कर्मचारी पीछे के रास्ते से कीमती कपड़ों का स्टॉक निकालने ही वाले थे और सामान ले जाने के लिए गाड़ियां भी पहुंचने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही चिंगारी ने सब कुछ खाक कर दिया। इस अग्निकांड में शोरूम के भीतर रखा लाखों रुपये का फैंसी और डिजाइनर कलेक्शन जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गया है।

दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से टला बड़ा खतरा

आग इतनी भयावह थी कि शोरूम के कांच चटक गए और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग को आसपास की इमारतों में फैलने से रोक लिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिस और फायर एक्सपर्ट्स की टीमें मौके का मुआयना कर रही हैं ताकि आग लगने के सटीक कारणों और कुल वित्तीय नुकसान का आंकलन किया जा सके।

सुरक्षित रहे कर्मचारी, पर लाखों का हुआ माली नुकसान

रात का वक्त होने के कारण जानमाल का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन शोरूम मालिक को भारी आर्थिक चोट पहुंची है। पुलिस का कहना है कि वे इस एंगल से भी जांच कर रहे हैं कि कहीं सुरक्षा मानकों में कोई चूक तो नहीं रह गई थी। फिलहाल, मौके पर कूलिंग का काम पूरा कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!